November 23, 2026
# Tags
#Blog #Analytics #Boycott #Business #Candidates #Dehradun #Education #Election #Events #People #Police #politics #Tech news #प्रशाशन #श्रधांजलि

मुलायम सिंह यादव की 87वीं जयंती पर हल्द्वानी में सपा कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि**

**मुलायम सिंह यादव की 87वीं जयंती पर हल्द्वानी में सपा कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि**

विशेष : संवाददाता

विजय यदुवंशी

**हल्द्वानी।** समाजवादी पार्टी के संस्थापक, पूर्व रक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री रहे मुलायम सिंह यादव की 87वीं जयंती पर उत्तराखंड सपा प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी के कार्यालय (17, आज़ाद नगर, हल्द्वानी) में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता एकत्र हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत में प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने कार्यकर्ताओं के साथ मुलायम सिंह यादव के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और श्रद्धांजलि दी। इसके बाद विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए सिद्दीकी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव जैसे नेता सदियों में एक बार पैदा होते हैं। उन्होंने कहा कि नेताजी की उपाधि सुभाष चंद्र बोस के बाद केवल मुलायम सिंह यादव को मिली। इसके अलावा उन्हें “धरती पुत्र” जैसी कई उपाधियों से भी नवाज़ा गया।

 

**उत्तराखंड के सबसे बड़े हितैषी थे नेताजी**

 

सिद्दीकी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव उत्तराखंड के सबसे बड़े हितैषी थे। अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल में उन्होंने पिथौरागढ़ हवाई पट्टी का निर्माण कराया, पर्वतीय क्षेत्रों के दुर्गम इलाकों में पाठशालाएं खुलवाईं और पेयजल के लिए जगह-जगह हैंडपंप लगवाए। पर्वतीय समस्याओं को देखते हुए उन्होंने अलग पर्वतीय विकास मंत्रालय का गठन किया। साथ ही अलग उत्तराखंड राज्य के लिए कौशिक समिति और बर्थवाल समिति बनाई तथा उत्तर प्रदेश के दोनों सदनों से राज्य गठन का प्रस्ताव पारित कराकर केंद्र सरकार को भेजा।

उन्होंने बताया कि नेताजी पर्वतीय क्षेत्र के लोगों को आबादी के अनुपात में 2 प्रतिशत आरक्षण देना चाहते थे, जबकि उस समय पर्वतीय क्षेत्र की आबादी उत्तर प्रदेश की लगभग 4 प्रतिशत थी। सिद्दीकी ने आरोप लगाया कि यहां की तथाकथित पार्टियों ने इसका विरोध कर युवाओं का भारी नुकसान किया।

 

**सेना और शहीदों के सम्मान में ऐतिहासिक फैसले**

 

रक्षा मंत्री रहते हुए मुलायम सिंह यादव द्वारा सेना का मनोबल बढ़ाने का उल्लेख करते हुए सिद्दीकी ने कहा कि उन्होंने शहीद सैनिकों के पार्थिव शरीर सम्मान के साथ उनके घर पहुंचवाने, राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार कराने तथा परिवार की आजीविका और बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया था।

उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव किसानों, व्यापारियों, छात्रों, कर्मचारियों, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के सबसे बड़े हितैषी थे। आज अखिलेश यादव उनके कार्यों को पूरी ईमानदारी से आगे बढ़ा रहे हैं और जनता का भरपूर प्यार उन्हें मिल रहा है, जिसके परिणामस्वरूप समाजवादी पार्टी देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बन गई है।

अंत में सिद्दीकी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि उनके अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए अखिलेश यादव के हाथ मजबूत किए जाएं।

इस अवसर पर एडवोकेट सुरेश परिहार, जावेद सिद्दीकी, अरशद अय्यूब, इस्लाम मिकरानी, सोमपाल कोरी, उमैर मतीन, विक्की खान, रेहान मलिक, संजय गुप्ता, आसिम सिद्दीकी, नासिर हुसैन, अनवर हुसैन, ज़ाहिद खान, दीपक अग्रवाल, सरताज अंसारी, एडवोकेट जावेद अहमद, मोहम्मद आकिब, रेहान कुरैशी, मेराज खान, फरहत सिद्दीकी, नाज़िम सलमानी, मसरूर अहमद, हरपाल शर्मा, अशरफ खान, अथर खान, मोहम्मद अनस, मोहम्मद अरशद, अज़हर मलिक, नूरी खान, शाहिद खान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

रिपोर्ट : न्यूज़ हरिद्वार

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *