हरिद्वार: राजकीय महाविद्यालय और उत्तरी हरिद्वार के अस्पताल की बदहाली पर सपा हमलावर, महंत शुभम गिरी ने सरकार पर साधा निशाना।।
हरिद्वार सपा प्रेसवार्ता राजकीय महाविद्यालय और अस्पताल की समस्याएं ।।
राजकीय महाविद्यालय और उत्तरी हरिद्वार के अस्पताल की बदहाली पर सपा हमलावर, महंत शुभम गिरी ने सरकार पर साधा निशान।।
संवाददाता: विजय यदुवंशी
लोकेशन: हरिद्वार
हरिद्वार। बाल्मीकि चौक स्थित समाजवादी पार्टी महानगर कार्यालय पर आयोजित पत्रकारवार्ता में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष महंत शुभम गिरी ने भूपतवाला स्थित राजकीय महाविद्यालय और उत्तरी हरिद्वार के सरकारी अस्पताल की अव्यवस्थाओं को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि महाविद्यालय के नाम पर छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
महाविद्यालय की भूमि पर उठा सवाल
महंत शुभम गिरी ने कहा कि महाविद्यालय के लिए भूमि उपलब्ध होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया है। वर्तमान में इसे मोहनानंद आश्रम में चलाया जा रहा है, जो किसी अन्य की भूमि है। उन्होंने याद दिलाया कि नगर निगम बोर्ड में सर्वानंद घाट के पास महाविद्यालय की भूमि का प्रस्ताव बहुमत से पारित हुआ था, लेकिन इसके बाद भी धरातल पर कोई काम नहीं हुआ। बीते दस सालों से राज्य में भाजपा की सरकार है, लेकिन महाविद्यालय की एक ईंट तक नहीं लग सकी। पूरा मामला सिर्फ कागजों में उलझा हुआ है।
परिणामों में गड़बड़ी से छात्रों में आक्रोश
सपा नेता ने श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि विश्वविद्यालय की त्रुटियों की वजह से उपस्थित छात्रों को अनुपस्थित दिखाकर अनुत्तीर्ण कर दिया गया है। इससे युवाओं में भारी रोष है और उनका भविष्य अंधकार में लटक गया है।
रेफरल सेंटर बना उत्तरी हरिद्वार का अस्पताल
उत्तरी हरिद्वार स्थित सरकारी अस्पताल की स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि अस्पताल का निर्माण तो करा दिया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों की भारी कमी है। यह अस्पताल सिर्फ कांवड़ मेले के दौरान चलाया जाता है, जिसके बाद इसकी कोई सुध नहीं लेता। अस्पताल में इमरजेंसी, बर्न और अन्य प्रमुख वार्ड न होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। आपात स्थिति में मरीजों को मेला अस्पताल ले जाना पड़ता है, जहां रास्ते में जाम के कारण मरीज को पहुंचने में देरी हो जाती है और जान का खतरा बना रहता है।
महंत शुभम गिरी ने शासन-प्रशासन से जनहित को प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द इन समस्याओं के समाधान की
मांग की है।
रिपोर्ट : न्यूज़ हरिद्वार संवाददाता










































































































































































































































































































































