Health Insurance पर टैक्स से गडकरी भी असहमत, आज GST काउंसिल की बैठक, क्या मिलेगी राहत?
GST Council की 54वीं बैठक आज होने जा रही है. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में लाइफ और हेल्थ इंश्योरेंस पर लगने वाले 18% जीएसटी में कटौती पर विचार के बाद बड़ा फैसला लिए जाने की उम्मीद है.
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अगुवाई में सोमवार को होने जा रही जीएसटी काउंसिल की बैठ में सबसे ज्यादा नजर स्वास्थ्य और जीवन बीमा प्रीमियम पर लगने वाले 18% जीएसटी को कम करने से संबंधित ऐलान पर है. इसे लेकर आम से लेकर खास तक की ओर से मांग की जा चुकी है. बीते 28 जुलाई 2024 को केंद्रीय मंत्री Nitin Gadkari ने भी एक पत्र लिखकर वित्त मंत्री से लाइफ और मेडिकल इंश्योरेंस पर लागू जीएसटी (GST On Insurance) हटाने की मांग की थी. उन्होंने इस टैक्स को ‘जिंदगी की अनिश्चितताओं पर टैक्स लगाने जैसा’ करार दिया है.
सीतारमण को लिखे अपने पत्र में गडकरी ने कहा था कि नागपुर मंडल जीवन बीमा निगम कर्मचारी संघ ने इन मुद्दों पर उन्हें ज्ञापन सौंपा है. संघ का मानना है कि लोगों को इस जोखिम के खिलाफ कवर खरीदने के लिए इंश्योरेंस प्रीमियम पर टैक्स नहीं लगाया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि इसी तरह, मेडिकल इंश्योरेंस प्रीमियम पर 18 फीसदी जीएसटी बिजनेस के इस क्षेत्र के विकास के लिए बाधक साबित हो रहा है, जो सामाजिक रूप से जरूरी है.












































































































































































































































































































