हाईटेंशन लाइन के नीचे काटी गई अवैध कॉलोनी, श्यामपुर में नियमों की खुली अनदेखी
हरिद्वार। श्यामपुर क्षेत्र में नियमों को ताक पर रखकर हाईटेंशन लाइन के नीचे कॉलोनी विकसित किए जाने का मामला सामने आया है, जिससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि भूमाफियाओं ने पहले हरे-भरे आम और लीची के बागों का सफाया किया और अब उसी जमीन पर अवैध प्लॉटिंग कर कॉलोनी खड़ी कर दी।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक पेड़ों के कटान के लिए अनुमति की आड़ में बड़े पैमाने पर हरियाली खत्म की गई। वहीं उद्यान विभाग ने मामूली राजस्व वसूल कर औपचारिक कार्रवाई तक ही खुद को सीमित रखा। सबसे बड़ा सवाल यह है कि हाईटेंशन लाइन के नीचे निर्माण प्रतिबंधित होने के बावजूद नक्शा कैसे पास हुआ।
सूत्रों का दावा है कि बिल्डरों और संबंधित प्राधिकरण के कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से पूरा खेल हुआ है। स्थानीय लोगों ने इसे गंभीर खतरा बताते हुए कहा कि ऐसे निर्माण भविष्य में बड़े हादसों को न्योता दे सकते हैं। अब नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है कि सख्ती होगी या मामला फाइलों में दब जाएगा।


















































































































































































































































































































