एचआरडीए की कार्रवाई बेअसर, अवैध कॉलोनी में फिर शुरू हुआ प्लाटिंग और निर्माण का खेल
रिपोर्ट: रश्मि कश्यप।
हरिद्वार। जमालपुर झंडा चौक से सराय रोड स्थित अवैध कॉलोनी पर हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) की ध्वस्तीकरण कार्रवाई का भू-माफियाओं पर कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है। कार्रवाई के बावजूद कॉलोनी में दोबारा धड़ल्ले से प्लाटिंग और अवैध निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।

बेखौफ भू-माफिया नियम-कानूनों को ताक पर रखकर निर्माण करा रहे हैं और अवैध रूप से प्लॉट बेचने का खेल भी जारी है। इससे न केवल प्राधिकरण की कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े हो रहे हैं, बल्कि प्रशासनिक सख्ती भी कटघरे में नजर आ रही है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि मौके पर लगातार निर्माण सामग्री पहुंच रही है और मजदूरों से दिन-रात निर्माण कराया जा रहा है। क्षेत्रवासियों ने एचआरडीए से दोबारा बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त करने, प्लाटिंग पर तत्काल रोक लगाने और संबंधित भू-माफियाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो अवैध कॉलोनी का दायरा और बढ़ने की आशंका है।



































































































































































































































































































































