राष्ट्रीय सहकारिता मंच पर जज्बा राष्ट्र के सम्मान का: ‘वंदे मातरम्’ पर खड़े हुए 87 वर्षीय भगवान सिंह यादव, मिला ‘सहकारिता विभूषण’
उम्र और स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के बावजूद करीब 15 मिनट खड़े रहे; सम्मान के साथ ₹2.51 लाख का चेक भी मिला, उत्तराखंड से शिल्पी अरोड़ा वर्चुअल माध्यम से जुड़ीं
देहरादून/नई दिल्ली। राष्ट्रीय सहकारिता मंच पर उस समय सभी का ध्यान भगवान सिंह यादव की ओर गया, जब 87 वर्षीय मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ सहकारिता नेता ‘वंदे मातरम्’ के सम्मान में खड़े हो गए। कार्यक्रम में उनकी उम्र और स्वास्थ्य को देखते हुए दीप प्रज्वलन के दौरान उन्हें बैठे रहने की सलाह दी गई थी। इसके बावजूद ‘वंदे मातरम्’ शुरू होते ही वे सम्मान में खड़े हुए और करीब 15 मिनट तक खड़े रहे। उनके इस जज्बे की मंचासीनों और मौजूद प्रतिभागियों ने सराहना की।
भगवान सिंह यादव को सहकारिता क्षेत्र में दशकों के योगदान के लिए कृभको की 46वीं वार्षिक आमसभा में ‘सहकारिता विभूषण सम्मान’ से नवाजा गया। सम्मान के साथ उन्हें ₹2.51 लाख का चेक भी प्रदान किया गया। नई दिल्ली के होटल अशोका में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में देशभर की सदस्य सहकारी समितियों के प्रतिनिधि, पदाधिकारी और कृभको के अधिकारी मौजूद रहे। उत्तराखंड से शिल्पी अरोड़ा ने वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की।

‘वंदे मातरम्’ पर खड़े होने का जज्बा बना चर्चा का विषय
दीप प्रज्वलन के दौरान यादव की उम्र और स्वास्थ्य को देखते हुए उन्हें मंच पर बैठे रहने की सलाह दी गई थी। लेकिन राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की धुन शुरू होते ही वे सम्मान में खड़े हो गए। करीब 15 मिनट तक खड़े रहने के दौरान उनके चेहरे पर राष्ट्र के प्रति सम्मान और सम्मान मिलने की खुशी के भाव नजर आए। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उनके आत्मबल और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना की सराहना की।
सम्मान के साथ मिला ₹2.51 लाख का चेक
कृभको की ओर से भगवान सिंह यादव को ‘सहकारिता विभूषण’ सम्मान के साथ ₹2,51,000 का चेक भी प्रदान किया गया। सम्मान पट्टिका पर इसे सहकारिता आंदोलन में उनके योगदान के लिए प्रदान किए गए सम्मान के रूप में अंकित किया गया है। यह सम्मान 25 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में प्रदान किया गया।

सम्मान को बताया जीवन का गौरवपूर्ण क्षण
सम्मान प्राप्त करने के बाद भगवान सिंह यादव ने कहा कि सहकारिता के क्षेत्र में वर्षों तक कार्य करते हुए उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनके प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर इस तरह सम्मान मिलेगा। उन्होंने इसे अपने जीवन का गौरवपूर्ण और महत्वपूर्ण क्षण बताया।
उत्तराखंड से शिल्पी अरोड़ा की सहभागिता
राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में उत्तराखंड से शिल्पी अरोड़ा वर्चुअल माध्यम से जुड़ीं। देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सहकारिता क्षेत्र की भूमिका और किसानों से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
ग्वालियर से परिजन और वरिष्ठ पत्रकार भी रहे मौजूद
भगवान सिंह यादव के सम्मान समारोह में उनके गृह जिले ग्वालियर से रामलखन सेन, मनोज श्रीवास्तव और राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित उनकी पोती एडवोकेट कुं. पवित्रा सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। वरिष्ठ पत्रकार नारायण बांदिल भी इस अवसर पर मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि भगवान सिंह यादव ने अपना जीवन जनहित और राष्ट्रहित के लिए समर्पित किया है।
कृभको ने अर्जित किया 824.68 करोड़ का कर-पूर्व लाभ
कृभको की आमसभा में वित्त वर्ष 2025-26 के लेखों को मंजूरी दी गई। संस्था ने इस दौरान 824.68 करोड़ रुपए का कर-पूर्व लाभ अर्जित किया और सदस्य सहकारी समितियों की इक्विटी पूंजी पर 20 प्रतिशत लाभांश घोषित किया। समारोह में गुजरात विधानसभा अध्यक्ष शंकरभाई एल. चौधरी को भी सहकारिता क्षेत्र में योगदान के लिए ‘सहकारिता शिरोमणि पुरस्कार’ प्रदान किया गया।













































































































































































































































































































































