अवैध जलक्रीड़ा प्रशिक्षण पर उठे गंभीर सवाल, नाबालिग से मारपीट के बाद भी कार्रवाई का इंतजार
रुड़की | प्रदीप सिंह यादव
उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की गंगनहर में कथित रूप से लंबे समय से संचालित अवैध जलक्रीड़ा प्रशिक्षण के बीच एक नाबालिग से कथित मारपीट का मामला सामने आने के बाद कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि प्रशिक्षण से जुड़े लोगों ने बच्चे के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया। उनका कहना है कि यदि प्रशिक्षण अवैध था तो इसे अब तक बंद क्यों नहीं कराया गया और घटना के बाद भी जिम्मेदारों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि प्रशासन और संबंधित विभाग को इस गतिविधि की जानकारी होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि मामले में केवल जांच नहीं, बल्कि दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
दूसरी ओर, आरोपित पक्ष का कहना है कि दोनों बच्चे नाबालिग हैं और विवाद साइकिल उठाने के शक से शुरू हुआ था। पुलिस ने तहरीर मिलने की पुष्टि करते हुए जांच जारी होने की बात कही है।
इस घटना ने न केवल कथित अवैध जलक्रीड़ा प्रशिक्षण, बल्कि नाबालिगों की सुरक्षा और उनकी निगरानी को लेकर भी गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। अब लोगों की निगाहें पुलिस और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।







































































































































































































































































































































