हरिद्वार में इंकलाबी मजदूर केन्द्र के सातवें सम्मेलन को लेकर प्रेस कांफ्रेंस।।
हरिद्वार में इंकलाबी मजदूर केन्द्र के सातवें सम्मेलन को लेकर प्रेस कांफ्रेंस।।
दिनांक : 01/10/2025
विशेष संवाददाता : अभिषेक यादव
हरिद्वार। इंकलाबी मजदूर केन्द्र (IMK) के सातवें केन्द्रीय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर मंगलवार को प्रेस क्लब हरिद्वार में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने सम्मेलन के उद्देश्य, कार्यक्रम और मजदूर वर्ग के सामने मौजूद चुनौतियों पर विस्तार से जानकारी दी।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए संगठन के प्रतिनिधियों ने बताया कि यह सम्मेलन 4 और 5 अक्टूबर 2025 को राज महल बैंक्वेट हॉल, त्रिमूर्ति नगर, ज्वालापुर, हरिद्वार में आयोजित होगा। सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले मजदूर प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके साथ ही देश के अन्य हिस्सों से भी मजदूर संगठनों के नेता और कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे।
पदाधिकारियों ने कहा कि आज मजदूर वर्ग सबसे कठिन दौर से गुजर रहा है। एक ओर श्रम कानूनों में लगातार बदलाव कर पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर मजदूरों को असंगठित कर उनके अधिकारों को छीनने की कोशिशें हो रही हैं। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य मजदूरों को संगठित करना, उनकी समस्याओं पर साझा रणनीति बनाना और सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों का विरोध करना है।
प्रेस कांफ्रेंस में वक्ताओं ने साफ कहा कि मजदूर वर्ग को अपनी ताकत का अहसास करना होगा। आज भी देश की उत्पादन व्यवस्था मजदूरों की मेहनत पर टिकी है, लेकिन उन्हें उसका उचित अधिकार और सम्मान नहीं मिल पा रहा है। सम्मेलन में श्रमिक अधिकारों, न्यूनतम मजदूरी, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों की सुरक्षा, महिला मजदूरों की स्थिति और ठेका प्रथा जैसी चुनौतियों पर विशेष चर्चा होगी।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन के पहले दिन उद्घाटन सत्र होगा, जिसमें देशभर से आए मजदूर नेताओं के विचार रखे जाएंगे। दूसरे दिन संगठनात्मक प्रस्तावों पर चर्चा होगी और भविष्य की रणनीति तय की जाएगी। सम्मेलन के समापन पर एक मजदूर रैली भी निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में मजदूर और आम जनता शामिल होंगे।
अंत में पदाधिकारियों ने कहा कि यह सम्मेलन मजदूर वर्ग की आवाज बुलंद करने का मंच बनेगा और आगामी संघर्षों की दिशा तय करेगा। उन्होंने सभी मजदूर संगठनों और प्रगतिशील संगठनों से आह्वान किया कि वे इस सम्मेलन को सफल बनाने में सहयोग करें।
रिपोर्ट : न्यूज़ हरिद्वार संवाददाता











































































































































































































































































































