हरिद्वार पुलिस की बड़ी सफलता: अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 20 बाइकें बरामद।।
हरिद्वार पुलिस की बड़ी सफलता: अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 20 बाइकें बरामद।।
दिनांक : 15/09/25
संवाददाता : विजय यादव
हरिद्वार। एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देशन में हरिद्वार पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। बहादराबाद पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का खुलासा करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से उत्तराखण्ड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली से चोरी की गईं कुल 20 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। वहीं गिरोह का चौथा सदस्य अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
गिरोह के सदस्य बेहद चालाक तरीके से बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस जांच में सामने आया कि यह अपराधी कांवड़ मेले के दौरान भी भीड़ का फायदा उठाकर मोटरसाइकिलें चुराते थे। चोरी की गई गाड़ियों को छिपाने के लिए इन्होंने एक खंडहरनुमा मकान को ठिकाना बना रखा था, जहां से कई बाइकें बरामद की गईं। पुलिस टीम ने डिजिटल सर्विलांस और मैनुअल पुलिसिंग के संयुक्त प्रयास से इस गिरोह तक पहुंच बनाई और उन्हें दबोचने में सफलता पाई।
आरोपित चोरी की गई मोटरसाइकिलों को सस्ते दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे। इन पैसों से यह लोग अपने शौक पूरे करते और अपराध की दुनिया में और गहराई तक धंसते जा रहे थे। लेकिन हरिद्वार पुलिस की सतर्कता और सटीक कार्यवाही ने न केवल इन अपराधियों को बेनकाब किया, बल्कि देहात क्षेत्र से लेकर यूपी तक फैली चोरी की घटनाओं पर भी नकेल कस दी।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान इस प्रकार हुई है—
1. मोहित पुत्र नरेश, निवासी ग्राम मौहम्मदपुर बुर्जुग, कोतवाली लक्सर
2. आस मोहम्मद उर्फ आशू पुत्र रियासत, निवासी ग्राम नेहन्तपुर, लक्सर
3. दीपक पुत्र मोतीराम, निवासी ग्राम मौहम्मदपुर बुर्जुग, लक्सर
पुलिस का कहना है कि चौथे साथी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया जाएगा। इस सफल कार्यवाही में बहादराबाद थाना पुलिस की भूमिका अहम रही, जिन्होंने लगातार इलाके की निगरानी और खुफिया जानकारी जुटाकर इस गिरोह तक पहुंच बनाई।
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि जनता की गाढ़ी कमाई से खरीदी गई बाइकें चोरी करना बेहद गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने टीम को बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हरिद्वार पुलिस की इस उपलब्धि से स्थानीय लोगों में राहत की भावना है और चोरी की घटनाओं में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
रिपोर्ट : news haridwar.com


















































































































































































































































































