नवोदय के छात्रों का एनएसएस शिविर शुरू: समाज सेवा का पाठ पढ़ाएगा सात दिवसीय कार्यक्रम
हरिद्वार, 2 फरवरी 2026 – पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय के एनएसएस के छात्रों के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत सात दिवसीय विशेष शिविर देवभूमि जूनियर हाई स्कूल, सलेमपुर में शुरू हुआ। शिविर का उद्घाटन लाजपत सिंह उप प्राचार्य ने किया।

नवोदय के छात्र सीखेंगे समाज सेवा का पाठ
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्रों ने राष्ट्रीय सेवा योजना लक्ष्य गीत गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान पप्पू सिंह पाटिल, लाजपत सिंह प्राचार्य प्रभारी पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय हरिद्वार, सदर सिंह कैंतुरा सीनियर पीजीटी अंग्रेजी, पुष्यमित्र बाजपेयी कार्यक्रम समन्वयक एनएसएस, हिमानी शर्मा प्रधानाचार्य देवभूमि जूनियर हाईस्कूल सलेमपुर, विद्यालय प्रबंधक और अन्य ग्राम प्रतिनिधि उपस्थित थे।
युवा ही देश का भविष्य हैं: लाजपत सिंह
प्रभारी प्रधानाचार्य लाजपत सिंह ने कहा कि आज का युवा ही कल का भारत है। यदि युवा जागरूक, अनुशासित और सेवा-भाव से युक्त होगा, तो देश स्वतः प्रगति के पथ पर अग्रसर होगा। एन.एस.एस. शिविर आपको नेतृत्व, सहयोग, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व का पाठ पढ़ाता है।

एनएसएस शिविर से सीखें समाज सेवा का पाठ
पुष्यमित्र बाजपेयी ने कहा कि आप देश की वह ऊर्जा हैं जो समाज को दिशा देती है। स्वच्छता अभियान हो, पर्यावरण संरक्षण हो, साक्षरता, स्वास्थ्य जागरूकता या सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध संघर्ष एनएसएस हर मोर्चे पर युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनाता है। इस शिविर के माध्यम से आप न केवल समाज की सेवा कर रहे हैं, बल्कि अपने भीतर नेतृत्व, अनुशासन, सहानुभूति और त्याग जैसे मूल्यों का भी विकास कर रहे हैं।


















































































































































































































































































