धार्मिक प्रतीकों और महापुरुषों के अपमान पर सख्त कार्रवाई का आदेश: हिमाचल सरकार
पूर्व मंत्री भगवान सिंह यादव ने देशभर में लागू करने की मांग की, हरिद्वार के संतों और वरिष्ठ पत्रकारों का समर्थन

हरिद्वार।हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के सभी जिलों को आदेश जारी कर स्पष्ट किया है कि धार्मिक आस्थाओं, सांस्कृतिक प्रतीकों और महापुरुषों के सम्मान से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अपमान स्वीकार नहीं किया जाएगा। आदेश में प्रशासन को ऐसे मामलों में तत्काल संज्ञान लेकर सख्त और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इस आदेश को एक मॉडल बताते हुए मध्यप्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री भगवान सिंह यादव ने इसे देश के अन्य राज्यों में भी लागू करने की मांग की है।

भगवान सिंह यादव मध्यप्रदेश सरकार में पूर्व में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर उनकी सक्रिय भूमिका रही है। उन्होंने इस विषय को लेकर विभिन्न राज्य सरकारों और संबंधित अधिकारियों को पत्रावली के माध्यम से औपचारिक अपील भेजी है, जो सार्वजनिक भी हो चुकी है। यादव का कहना है कि महापुरुषों और सांस्कृतिक प्रतीकों का सम्मान केवल औपचारिक वक्तव्यों तक सीमित न रहे, बल्कि इसके लिए स्पष्ट प्रशासनिक व्यवस्था होनी चाहिए।
इस मांग को देवभूमि हरिद्वार से संत समाज का समर्थन मिला है। धर्म संसद के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ महामंडलेश्वर स्वामी प्रबोधानंद गिरि ने कहा कि हिमाचल सरकार का यह आदेश समय की आवश्यकता है और इससे समाज में बढ़ते विवादों पर अंकुश लगेगा। उन्होंने कहा कि इस दिशा में पूर्व मंत्री भगवान सिंह यादव द्वारा उठाया गया कदम सराहनीय है।

इस पूरे मामले को लेकर हरिद्वार से राष्ट्रीय चैनल में रिपोर्टिंग कर रहीं वरिष्ठ पत्रकार रश्मि कश्यप ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह फैसला जनहित से जुड़ा हुआ है और यह विषय अचानक सामने नहीं आया, बल्कि पूर्व मंत्री भगवान सिंह यादव द्वारा लगातार की गई पहल और पत्राचार के बाद इस स्तर तक पहुंचा है।


















































































































































































































































































