February 8, 2026
# Tags
#Blog #Events #Feature #Firing #Ganga #Haridwar #People #Police #politics #Roorkee #Sadhu sant #कार्यवाही #खनन #पॉयलेट बाबा आश्रम #बिज़नेस #भाजपा #रानीपुर विधानसभा #श्रधांजलि #सुरक्षा

लापता युवक का शव गंगनहर किनारे मिला, जन्मदिन के दिन हुआ अंतिम संस्कार

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो, परिजनों ने पुलिस पर लगाए लापरवाही के आरोप

हरिद्वार।ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में गंगनहर किनारे नहर पटरी से लापता युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 24 वर्षीय साहिल पुत्र दीपक भदौरिया, निवासी खड़खड़ी क्षेत्र के रूप में हुई है। साहिल बीते 26 दिसंबर से लापता था, जिसकी गुमशुदगी 27 दिसंबर को परिजनों ने दर्ज कराई थी।

परिजनों के अनुसार साहिल 26 दिसंबर को किसी काम से ज्वालापुर आया था, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटा। उसे आखिरी बार ज्वालापुर क्षेत्र के लाल पुल के आसपास देखा गया था। इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया।
जटवाड़ा पुल के पास मिला शव
मंगलवार शाम जटवाड़ा पुल के पास गंगनहर किनारे साहिल का शव मिलने की सूचना से परिजनों में आक्रोश फैल गया। परिजन शव को कार में रखकर सीधे ज्वालापुर कोतवाली पहुंचे और हंगामा किया। उन्होंने खड़खड़ी क्षेत्र के कुछ युवकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

सूचना मिलने पर खड़खड़ी क्षेत्र से भी कई लोग कोतवाली पहुंच गए, जिससे कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई
पुलिस के आश्वासन पर शांत हुए परिजन
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाया और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया, जिसके बाद स्थिति नियंत्रित हुई। बुधवार सुबह भी परिजन कोतवाली पहुंचे।

कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। शक के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो, SSI पर आरोप
इस पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में मृतक के माता-पिता और परिजन ज्वालापुर कोतवाली में तैनात SSI खेमेन्द्र गंगवार पर लापरवाही के आरोप लगाते नजर आ रहे हैं।
परिजनों का कहना है कि गुमशुदगी की सूचना समय रहते देने के बावजूद मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया, जिससे साहिल की जान नहीं बच पाई।
वीडियो सामने आने के बाद मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया है और पुलिस की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच निष्पक्ष रूप से की जा रही है और किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

जन्मदिन के दिन अंतिम संस्कार
परिजनों का दर्द इस बात से और बढ़ गया कि साहिल का अंतिम संस्कार उसके जन्मदिन के दिन करना पड़ा। मृतक के पिता दीपक भदौरिया ने कहा कि यह उनके जीवन का सबसे दुखद दिन है। उन्होंने मामले में डीजीपी उत्तराखंड और मुख्यमंत्री से निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
जांच जारी
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही साहिल की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *